पके कटहल खाने के चक्कर में पेड़ पर चढ़ा भालू, तार के फंदे में फंसा; घंटों चले रेस्क्यू

A bear climbed a tree to eat a ripe jackfruit and became entangled in a wire snare; the rescue operation lasted for hours.

जशपुर 18 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक जंगली भालू कटहल की खुशबू के लालच में पेड़ पर चढ़ गया, लेकिन वहां लगे तार के फंदे में फंस गया। घटना मनोरा वनपरिक्षेत्र के गजमा गांव की है। सूचना मिलते ही वन विभाग और जीएनडब्ल्यूएस (GNWS) की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

बताया जा रहा है कि भालू कटहल खाने के लिए पेड़ पर चढ़ा था। इसी दौरान पेड़ पर पहले से लगे तार के फंदे में उसका शरीर फंस गया, जिससे वह नीचे भी नहीं उतर पा रहा था। भालू की हालत देखकर ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।

वन विभाग और जीएनडब्ल्यूएस की टीम ने काफी देर तक स्थिति का आकलन किया। इसके बाद विशेषज्ञों ने भालू को सुरक्षित तरीके से बेहोश किया और पेड़ की टहनी से नीचे उतारा। पूरे रेस्क्यू अभियान के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए, ताकि भालू और आसपास मौजूद लोगों को कोई नुकसान न पहुंचे।

रेस्क्यू के बाद पशु चिकित्सकों की टीम ने भालू का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में उसकी स्थिति सामान्य पाई गई। इसके बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए थे। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी क्षेत्र में जंगली जानवर दिखाई दे तो उसके पास जाने या उसे घेरने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके और किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।