तोरवा पुलिस की कार्रवाई: ग्राम ढेका के पास पकड़ा गया यूपी पासिंग वाहन, 09 भैंस-भैंसे बरामद
आरोपियों में एक मध्य प्रदेश के मुरैना और दूसरा मस्तूरी का निवासी, वाहन जब्त

बिलासपुर/तोरवा। अवैध पशु तस्करी के खिलाफ तोरवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 09 भैंस व भैंसों को बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी इन मवेशियों को अवैध रूप से कटिंग (बूचड़खाने) के लिए उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ ले जा रहे थे। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, महमंद (तोरवा) निवासी पुष्पेन्द्र चौबे ने दिनांक 27 नवंबर 2026 को थाने में उपस्थित होकर मवेशी तस्करी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि ग्राम ढेका के पास एक अशोक लीलैंड ट्रक (क्रमांक UP 80 LT 1516) को रोका गया है, जिसमें 09 भैंस व भैंसों को भरकर कटिंग के लिए ले जाया जा रहा था। वाहन को पकड़कर थाने लाया गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म:
पुलिस द्वारा जांच करने पर आरोपियों के पास मवेशियों को वाहन में रखने और परिवहन करने से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज नहीं मिले। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने मवेशियों को कटिंग के लिए उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ ले जाना स्वीकार किया।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी:
प्रार्थी की रिपोर्ट पर तोरवा पुलिस ने अपराध क्रमांक 633/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 6 और 10 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। मामले में तस्करी में प्रयुक्त अशोक लीलैंड वाहन (UP 80 LT 1516) को जब्त करते हुए दिनांक 28 नवंबर 2026 को दोनों आरोपियों—आकाश नायर (पिता महेश नायर, उम्र 29 वर्ष, निवासी धोबी मोहल्ला मुरैना, मध्य प्रदेश) एवं लच्छन यादव (पिता चमार यादव, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम कछार, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।







