पावर कंपनी में अंतर क्षेत्रीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता संपन्न
रायपुर 28 नवबंर 2026/ छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी की तीन दिवसीय अंतर क्षेत्रीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता का आज समापन हुआ। प्रतियोगिता में कोरबा पश्चिम की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और एकल, युगल एवं टीम स्पर्धा सहित सभी प्रारूपों में विजेता रही। समापन समारोह के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक श्री एम.एस. चौहान तथा कार्यक्रम के अध्यक्ष, मुख्य अभियंता एवं क्षेत्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के अध्यक्ष श्री संजीव सिंह ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। इसके पश्चात अपने संबोधन में अतिथियों ने खेल भावना, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को सफलता का आधार बताते हुए कहा कि खेल गतिविधियां कर्मचारियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी समन्वय और टीम भावना को मजबूत करती हैं।

प्रतियोगिता की एकल स्पर्धा में कोरबा पश्चिचम के श्री हर्षल विश्वकर्मा विजेता तथा श्री विकल्प तिवारी उपविजेता रहे। युगल स्पर्धा में भी कोरबा पश्चिम के ही श्री हर्षल विश्वकर्मा एवं श्री सुनील सिंह की जोड़ी विजेता तथा श्री विकल्प तिवारी एवं श्री अतुल राय की जोड़ी उपविजेता रही। वहीं टीम स्पर्धा में कोरबा पश्चिम की टीम विजेता तथा दुर्ग की टीम उपविजेता रही। दुर्ग की टीम में श्री रजनीश ओबेरॉय, श्री पी.एल. माहेश्वरी, श्री तरुण कुमार ठाकुर एवं श्री रवि चंद्राकर शामिल रहे। इस अवसर पर लॉन टेनिस के प्रति लंबे समय से समर्पित योगदान देने वाले कार्यपालक निदेशक श्री एम एस. चौहान एवं जनरेशन कंपनी के अधीक्षण अभियंता श्री नरेंद्र कुमार इंगले को लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले रेफरी श्री संजय टांडी एवं श्री आर्य एक्का को भी सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में अधीक्षण अभियंता श्री महावीर विश्वकर्मा, कार्यपालन अभियंता श्री प्रशांत कुमार, श्री आकाश श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे। क्षेत्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के सचिच श्री विनय चंद्राकर ने आभार प्रदर्शन किया।







