ऑनलाइन सट्टा खिलाते आदतन सटोरिया मोह. इसाक कुरैशी गिरफ्तार, फोन-पे से लाखों के लेन-देन का खुलासा

Habitual bookie Mohd. Issac Qureshi arrested for online betting; PhonePe transactions worth lakhs revealed

कोरबा। अवैध जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आदतन सटोरिये को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से नकदी, सट्टा-पट्टी और मोबाइल फोन जब्त किया गया है। जांच में आरोपी के यूपीआई (UPI) खाते से लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी भी सामने आई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को कोतवाली पुलिस की टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पुरानी बस्ती स्थित रानी रोड के पास मस्जिद के पीछे एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेल और खिला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी और वार्ड क्रमांक 06, पुरानी रानी रोड (दुर्गा मंदिर के पास) निवासी 43 वर्षीय मोहम्मद इसाक कुरैशी उर्फ निक्की (पिता स्व. ईस्माइल कुरैशी) को पकड़ लिया।

मोबाइल से खुले ऑनलाइन सट्टे के राज
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से सट्टा-पट्टी और सट्टे में लगी नकद रकम बरामद की गई। जब पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की, तो उसमें ‘श्रीदेवी’, ‘टाइम बाजार’, ‘मिलन डे’ और ‘कल्याण’ जैसी ऑनलाइन सट्टा साइटों पर अंकों व जोड़ियों पर दांव लगाने के प्रमाण और सट्टा-पट्टी की तस्वीरें मिलीं। इसके अलावा, आरोपी के ‘फोन-पे’ (PhonePe) खाते से सट्टे के लिए किए गए लाखों रुपये के ऑनलाइन लेन-देन का भी खुलासा हुआ है।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
कोतवाली पुलिस ने आरोपी मोहम्मद इसाक कुरैशी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 968/2026 के तहत धारा 6(क) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस की आम नागरिकों से अपील
कोरबा पुलिस ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें। यदि आसपास कहीं भी इस तरह की अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हों, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने, चौकी या डायल 112 पर दें। पुलिस द्वारा अवैध कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।