बिलासपुर। अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस ने प्रभात चौक क्षेत्र में घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 33 पाव (कुल 5.940 लीटर) देशी व अंग्रेजी शराब जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 3,800 रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन तथा एएसपी (शहर) पंकज पटेल और सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान की टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
शनिवार, 21 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि प्रभात चौक के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक की बोरी में अवैध रूप से शराब रखकर बेचने की फिराक में है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। तलाशी के दौरान संदेही के पास मौजूद सफेद बोरी से 25 पाव गोवा स्पेशल (4.500 लीटर) और 08 पाव यूनिक देशी मसाला (1.440 लीटर) शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक खटिक पिता कोमल खटिक (35 वर्ष) निवासी टिकरापारा मोची मोहल्ला, थाना सिटी कोतवाली बताया। शराब रखने और बेचने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर पुलिस ने शराब जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।







