खेत की तारबंदी में अवैध करंट से किशोरी की मौत, आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार

Teenage girl dies due to electric shock in farm fencing, accused father and son arrested

चकरभाठा के ग्राम कनेरी की घटना; सब्जी के खेत में हुकिंग कर जीआई तार में छोड़ा था बिजली का करंट

बिलासपुर (चकरभाठा)। थाना चकरभाठा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कनेरी में सब्जी के खेत की घेराबंदी में अवैध रूप से प्रवाहित किए गए बिजली के करंट की चपेट में आने से एक किशोरी की मौत हो गई। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने खेत मालिक टेकराम सोनी और उसके नाबालिग पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 16 और 17 नवंबर की दरम्यानी रात की है। ग्राम कनेरी निवासी टेकराम सोनी पिता स्वर्गीय रामदयाल सोनी (46 वर्ष) ने अपने सब्जी के खेत की सुरक्षा के लिए चारों ओर जीआई (GI) तार से घेराबंदी की थी। आरोप है कि फसल को बचाने के लिए टेकराम सोनी और उसके नाबालिग पुत्र (विधि से संघर्षरत बालक) ने झटका बिजली मशीन के साथ अवैध रूप से बिजली की हुकिंग कर तारों में करंट प्रवाहित कर छोड़ दिया था। इसी दौरान ग्राम कनेरी निवासी मृतिका का हाथ करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।

पूछताछ में कबूला जुर्म, भेजा गया जेल
घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद चकरभाठा पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की। संदेह के आधार पर पुलिस ने खेत मालिक टेकराम सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने नाबालिग पुत्र के साथ मिलकर खेत के तारों में अवैध करंट छोड़ने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 3(5) और विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।