नाबालिग का गर्भपात कराने और साक्ष्य मिटाने वाली महिला डॉक्टर गिरफ्तार

Female doctor arrested for performing abortion on minor and destroying evidence

भ्रूण को सबूत के तौर पर नष्ट करने के लिए अरपा नदी में फेंका

अपराध की सूचना पुलिस से छिपाने पर पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई

  • मुख्य आरोपी युवक पहले ही जा चुका है जेल

बिलासपुर। तोरवा थाना पुलिस ने नाबालिग पीड़िता का अवैध रूप से गर्भपात कराने और महत्वपूर्ण साक्ष्य मिटाने के आरोप में एक महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी डॉक्टर ने पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी होने के बावजूद न केवल गर्भपात कराया, बल्कि सबूत नष्ट करने की नीयत से भ्रूण को अरपा नदी में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

शादी का झांसा देकर किया था दुष्कर्म
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, तोरवा क्षेत्र के बुधवारी निवासी आरोपी गणेश सोनी (30) ने दिसंबर 2023 से एक नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान नाबालिग गर्भवती हो गई। मामला उजागर होने के डर से आरोपी गणेश सोनी ने एक निजी अस्पताल की महिला डॉक्टर की मदद से पीड़िता का गर्भपात करवा दिया। पुलिस मुख्य आरोपी गणेश सोनी को पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है।

जांच में खुली महिला डॉक्टर की भूमिका
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह ने तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। एएसपी पंकज पटेल और सीएसपी गगन कुमार के मार्गदर्शन में तोरवा पुलिस ने मामले की सूक्ष्म जांच शुरू की। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसलापुर (थाना सिविल लाइन) निवासी महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह (43) की संलिप्तता उजागर हुई।

इन धाराओं के तहत हुई कार्रवाई
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि डॉक्टर सुब्धा मसीह ने नाबालिग के साथ हुए अपराध की सूचना पुलिस को न देकर कानूनी दायित्वों का उल्लंघन किया। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1), 351(3), 89, 238, 3(5) तथा पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 4(2), 5(ठ), 6 और 21 के तहत कार्रवाई करते हुए 13 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।