सीपत पुलिस की कार्रवाई, आरोपी के कब्जे से स्टील का बटनदार चाकू जब्त
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
बिलासपुर / सीपत। पुरानी रंजिश के चलते एक बुजुर्ग महिला का रास्ता रोककर गाली-गलौज करने और बटनदार चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने वाले हिस्ट्रीशीटर गुंडा बदमाश को सीपत पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सेलर निवासी 60 वर्षीय रामकुमारी साहू ने 14 नवंबर को सीपत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थिया ने बताया कि पिछले वर्ष उनके पुत्र लक्ष्मी नारायण साहू ने गांव के ही विशाल साहू की फसल की हार्वेस्टर से कटाई की थी। इसी बात को लेकर विशाल का भाई दीपक साहू उनके परिवार से रंजिश रखता था।
बीते 13 नवंबर की दोपहर करीब 12 बजे जब रामकुमारी साहू पैदल गांव के डॉक्टर के पास इलाज कराने जा रही थीं, तभी सेलर गुड़ीपारा निवासी आरोपी दीपक साहू (39 वर्ष) ने बीच रास्ते में उन्हें रोक लिया। आरोपी ने पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए महिला से अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने हाथ में रखा बटनदार चाकू लहराते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता की शिकायत पर सीपत पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने संदेही दीपक साहू को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक नग स्टील का बटनदार चाकू जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।












