कटघोरा में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: ‘मुरली होटल, शारदा स्वीट्स’ आगामी आदेश तक बंद

Major action by Food Department in Katghora: 'Murli Hotel, Sharda Sweets' closed till further orders

किचन में भारी गंदगी और FSSAI नियमों की अनदेखी पर गिरी गाज, शिकायत के बाद जांच टीम ने लिया सांभर का सैंपल


कटघोरा (कोरबा), 13 नवंबर। लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार को विभाग की टीम ने कटघोरा स्थित प्रसिद्ध ‘मुरली होटल, शारदा स्वीट्स’ में आकस्मिक दबिश देकर सघन निरीक्षण किया। जांच के दौरान परिसर में भारी गंदगी और खाद्य सुरक्षा मानकों (FSSAI) के उल्लंघन की पुष्टि होने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए प्रतिष्ठान को आगामी आदेश तक बंद रखने का नोटिस थमा दिया है।

शिकायत के बाद हुई दबिश, सांभर का लिया सैंपल
जानकारी के अनुसार, विभाग को प्रतिष्ठान में परोसे जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें मिली थीं। इसी के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम मौके पर जांच के लिए पहुंची। निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर अधिकारियों ने सांभर का सैंपल एकत्र किया है। इस सैंपल को विधिवत सील कर गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।

रसोई में पसरी गंदगी, मानकों की खुलेआम अनदेखी
निरीक्षण के समय अधिकारियों ने पाया कि होटल की रसोई और खाद्य निर्माण स्थल पर साफ-सफाई का घोर अभाव है। बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी। इसके साथ ही संचालक द्वारा भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के अनिवार्य दिशा-निर्देशों की भी खुलेआम अनदेखी की जा रही थी। जनस्वास्थ्य से जुड़े इस गंभीर मामले को देखते हुए विभाग ने तत्काल प्रभाव से होटल का संचालन बंद करने का आदेश जारी किया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से कटघोरा सहित पूरे जिले के होटल और मिठाई व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है।