बीच-बचाव करने आए युवक पर भी किया वार, सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
कोरबा। पुरानी रंजिश को लेकर घर के पास पहुंचकर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया सब्जी काटने वाला चाकू भी जब्त कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम आछीमार निवासी प्रार्थी कुंदन भट्ट (35 वर्ष) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि 9 नवंबर को गांव के ही जोगी राम मिरी ने उसे फोन कर बुलाया था। जब कुंदन अपने घर पहुंचा, तो सुबह करीब 10:30 बजे आरोपी जोगी राम शराब के नशे में उसके घर के पास आ धमका। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए अपने साथ लाए सब्जी काटने वाले चाकू से कुंदन के पेट पर प्राणघातक हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने वाले युवक की उंगली में आई चोट
हमले के दौरान मौके पर मौजूद आशिष भट्ट जब बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से वार कर दिया। इस हमले में आशिष के हाथ की उंगली में चोट आई है।
घर से दबोचा गया आरोपी, चाकू बरामद
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जोगी राम मिरी (29 वर्ष), पिता फोटुलाल, निवासी ग्राम आछीमार को उसके निवास स्थान से हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर गवाहों की मौजूदगी में घटना में प्रयुक्त हल्के गुलाबी रंग का चाकू बरामद कर लिया है। गुरुवार को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।











