सिरगिट्टी पुलिस ने आभा पावर प्लांट के पास घेराबंदी कर दबोचा, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल
बिलासपुर। अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरगिट्टी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 55 पाव देशी मदिरा और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त की है, जिसकी कुल कीमत 28 हजार 800 रुपये आंकी गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक किशोर केंवट से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार 10 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोरमी सतनामी पारा निवासी लव प्रसाद भार्गव अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 10 सीजी 4363) में भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर आभा पावर प्लांट के रास्ते कोरमी की ओर बिक्री करने जा रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा एएसपी (शहर) व सीएसपी (सिविल लाइन) के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल आभा पावर प्लांट के पास घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध बाइक पर सवार दो युवक आते दिखे, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। टीम ने सतर्कता दिखाते हुए दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम लव प्रसाद भार्गव (29 वर्ष) और दुर्गेश बंजारे (35 वर्ष) निवासी कोरमी सतनामी पारा, थाना सिरगिट्टी बताया। तलाशी लेने पर उनके पास से 55 पाव देशी मदिरा (कीमत 4,400 रुपये) बरामद हुई। पुलिस ने शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बाइक (कीमत 24,400 रुपये) को जप्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।











