कोरबा, 10 नवंबर 2026। कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तैलियामार में रुपए दांव पर लगाकर जुआ खेल रहे 13 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक सरकारी स्कूल का प्रधान पाठक और ग्राम पंचायत का सरपंच भी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 32 हजार रुपए नकद, दो बाइक, पांच मोबाइल फोन और ताश की गड्डी सहित करीब 1 लाख 83 हजार रुपए का सामान जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम तैलियामार में कुछ लोगों के एक स्थान पर एकत्र होकर रुपए का दांव लगाते हुए जुआ खेलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पसान थाना पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश देने की योजना बनाई। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे सभी 13 लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही 52 पत्ती ताश की गड्डी, 32 हजार रुपए नकद और एक लाल गमछा बरामद किया गया।

पुलिस ने मौके पर मौजूद दो मोटरसाइकिलें और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त दोनों बाइक की कीमत करीब एक लाख रुपए तथा पांच मोबाइल फोन की कीमत लगभग 50 हजार रुपए आंकी गई है। नकद राशि और अन्य सामग्री को मिलाकर जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 लाख 83 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों में शैलेन्द्र जेम्स (45), कुंपल सिंह (54), रवि ठाकुर (50), गजेन्द्र यादव (30), सोनसाय (50), दशरथ खलखो (35), कैलाश कुजूर (25), शैष्मन (41), चन्द्रमान कौशिक (35), राजकुमार रजक (25), समारू (31), अनुराग वर्मा (30) और सहदेव आर्मो (45) शामिल हैं।

इस कार्रवाई में गिरफ्तार गजेन्द्र यादव प्राथमिक शाला पंडरीपानी में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ हैं, जबकि सहदेव आर्मो ग्राम पंचायत बैरा के सरपंच बताए गए हैं। सरकारी स्कूल के प्रधान पाठक और निर्वाचित जनप्रतिनिधि का जुआ खेलते पकड़े जाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की है।








