महिला समूह की शिकायत पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई: ग्राम बतरा में सघन जांच, अवैध शराब बिक्री या मद्यपान की नहीं हुई पुष्टि

Police take swift action on complaint from women's group: Intensive investigation in village Batra, no illegal liquor sale or drinking confirmed

कोरबा /। ग्राम बतरा में अवैध शराब की बिक्री और मद्यपान (शराब पीने-पिलाने) की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए सघन जांच अभियान चलाया। हालांकि, मौके पर की गई छापेमारी और रेड की कार्रवाई में अवैध शराब की बिक्री या सेवन किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बतरा के महिला समूह द्वारा जिला कोरबा के पुलिस अधीक्षक (SP) महोदय के समक्ष गांव में अवैध शराब की बिक्री को पूर्णतः बंद कराने के संबंध में एक शिकायत पत्र प्रस्तुत किया गया था। महिलाओं की इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कटघोरा के मार्गदर्शन में थाना पाली की पुलिस टीम ने तत्काल एक्शन लिया।

थाना पाली पुलिस की टीम तुरंत ग्राम बतरा पहुंची और शिकायत स्थल सहित गांव के अन्य सभी संदिग्ध ठिकानों पर सघन जांच व रेड की कार्रवाई की। मद्यपान एवं अवैध शराब बिक्री विरोधी इस मुहिम के दौरान मौके पर कोई भी व्यक्ति शराब पीते या अवैध रूप से बेचते हुए नहीं पाया गया। इसके साथ ही, पुलिस टीम को घटना स्थल या संदिग्ध ठिकानों से किसी भी प्रकार की अवैध शराब अथवा संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई।

कार्रवाई के पश्चात थाना पाली पुलिस द्वारा गांव के गणमान्य नागरिकों और महिला समूह के सदस्यों के साथ बैठक कर उन्हें पूरी तरह आश्वस्त किया गया। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब तथा अन्य सभी असामाजिक गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि भविष्य में गांव में किसी भी प्रकार की अवैध शराब की बिक्री या सेवन की सूचना मिलती है, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें; संबंधित दोषियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।