बिलासपुर।
बिलासपुर पुलिस द्वारा अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बिल्हा पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अमेरी अकबरी गैस गोदाम के पास घेराबंदी कर अवैध रूप से देशी व मसाला शराब बेचते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब, परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और नगदी रकम जप्त की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (DIG/SSP) श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) द्वारा जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर पूरी तरह अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में बिल्हा थाना प्रभारी द्वारा एक विशेष सिविल टीम का गठन किया गया था। यह टीम लगातार बीट भ्रमण और जनसंपर्क के जरिए ग्रामीणों से मिलकर अवैध गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि अमेरी अकबरी गैस गोदाम के पास एक मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सिविल टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। वहां सफेद रंग के थैले में भारी मात्रा में शराब रखकर बेच रहे दो संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम रामकुमार पटवा (40 वर्ष) और दुर्गेश कुमार (25 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम पौसरी, थाना बिल्हा बताया।
लाखों की मोटरसाइकिल और नगदी जप्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 नग देशी प्लेन और 30 नग देशी मसाला शराब कुल 12.10 लीटर (कीमत 6200 रुपये) बरामद की। इसके साथ ही शराब बिक्री की नगद रकम 4020 रुपये और शराब परिवहन के लिए इस्तेमाल की जा रही हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 10 CG 0925) को भी जप्त किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 583/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
इस टीम को मिली सफलता
इस पूरी कार्रवाई में बिल्हा थाना प्रभारी निरीक्षक अजय साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक योगिता साहू, सउनि राकेश टाण्डे, आरक्षक संजय निर्मलकर (1062), उपेन्द्र ठाकुर (803) और प्रताप साहू (886) का विशेष योगदान रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।







