कोरबा (दर्री)। थाना दर्री क्षेत्र के अंतर्गत सीएसईबी (CSEB) के निर्माणाधीन 1320 मेगावाट विद्युत संयंत्र स्थल पर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटों के भीतर दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से चोरी गया शत-प्रतिशत मशरूका (सामान) बरामद कर लिया गया है, जिसकी कीमत करीब ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) आंकी गई है।
सब-कॉन्ट्रैक्टर की शिकायत पर दर्ज हुआ था केस
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 29 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात की है। संयंत्र निर्माण स्थल पर सब-कॉन्ट्रैक्टर के रूप में कार्यरत फर्म ‘सिद्धि विनायक एसोसिएट्स’ के प्रार्थी सुधीर जैन ने 30 अक्टूबर को थाना दर्री में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात चोरों ने कार्यस्थल से वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, कटर मशीन और केबल जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक उपकरण पार कर दिए हैं।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, आरोपियों ने कबूला जुर्म
मामले की गंभीरता को देखते हुए दर्री पुलिस ने तुरंत घटनास्थल का मुआयना किया और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही रोहित शुक्ला और संदीप भोई को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उनकी निशानदेही पर चोरी के सभी उपकरण बरामद कर लिए गए।
ये सामान हुए बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 02 नग पुरानी वेल्डिंग मशीन (VIVGO Plus कंपनी), 01 नग 14 इंच चश्मा मशीन (Bosch कंपनी), 02 नग 04 इंच प्लाई कटर मशीन और 01 नग 07 इंच ग्राइंडर मशीन विधिवत जब्त की है।
भेजे गए जेल
थाना दर्री पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर आज, 1 नवंबर 2026 को उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय के आदेशानुसार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के औद्योगिक निर्माण स्थलों के संचालकों ने राहत की सांस ली है।







