कोरबा पुलिस द्वारा पटाखा व्यापारियों की अहम बैठक, सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कठोर वैधानिक कार्रवाई

Korba Police organized an important meeting with firecracker traders, strict legal action will be taken against those violating safety rules.

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित बैठक में जनसुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा पर दिया गया विशेष ध्यान; होमगार्ड अग्निशमन दल द्वारा व्यापारियों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण।

कोरबा। दीपावली पर्व के दौरान शहर में जनसुरक्षा, अग्नि सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कोरबा में पटाखा व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस और नगर निगम के आला अधिकारियों ने पटाखा व्यवसायियों को सुरक्षा मानकों एवं लाइसेंस की शर्तों का कड़ाई से पालन करने के सख्त निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

लाइसेंस की शर्तों का पालन अनिवार्य
बैठक में उपस्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नितेश ठाकुर और नगर पुलिस अधीक्षक श्री प्रतीक चतुर्वेदी ने सभी पटाखा व्यापारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी दुकानों में वैध लाइसेंस की प्रति (Copy) अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। केवल लाइसेंस में निर्धारित स्थान पर ही पटाखों का विक्रय एवं भंडारण किया जा सकेगा। लाइसेंस में तय मात्रा से अधिक पटाखे रखने, लाइसेंस की वैधता समाप्त होने के बाद विक्रय करने तथा दुकान का उपयोग अन्य प्रयोजनों के लिए करने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश
अग्नि सुरक्षा को लेकर प्रशासन बेहद गंभीर नजर आ रहा है। बैठक में नगर निगम के श्री सुमित गुप्ता और सीएसीबी प्रभारी श्री विरासत कुजूर ने व्यापारियों से कहा कि प्रत्येक पटाखा दुकान में पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguishers), रेत एवं पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। दुकानों में बीड़ी, सिगरेट, माचिस, खुली आग तथा अन्य ज्वलनशील वस्तुओं के उपयोग पर पूरी तरह रोक रहेगी। इसके अलावा विद्युत वायरिंग को सुरक्षित रखने, दुकानों के बीच निर्धारित सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा आपातकालीन स्थिति में अग्निशमन वाहनों के आवागमन हेतु पर्याप्त स्थान (रास्ता) खुला रखने के निर्देश दिए गए हैं।

होमगार्ड दल ने दिया अग्निशमन यंत्रों का व्यावहारिक प्रशिक्षण
बैठक के दौरान होमगार्ड के अग्निशमन दल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पटाखा व्यापारियों को अग्निशमन यंत्रों के सही एवं प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई। कर्मचारियों ने आग लगने की स्थिति में तत्काल नियंत्रण पाने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन (डेमो) भी करके दिखाया। व्यापारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे और उनके प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारी इन उपकरणों को चलाने की पूरी जानकारी अवश्य रखें।

नाबालिगों को पटाखे बेचने और अवैध भंडारण पर रोक
व्यापारियों को केवल वैध एवं अधिकृत पटाखों का विक्रय करने तथा प्रतिबंधित पटाखों का भंडारण न करने की हिदायत दी गई है। इसके साथ ही दुकानों के सामने अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने देने, वाहनों को व्यवस्थित पार्क कराने, आपातकालीन निकास मार्ग को खुला रखने तथा नाबालिगों को पटाखों की बिक्री न करने सहित सभी कानूनी प्रतिबंधों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। पुलिस प्रशासन ने सभी व्यापारियों से सुरक्षित वातावरण बनाए रखने तथा दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।