बिलासपुर। त्योहारों से ठीक पहले बिलासपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और सकरी थाना पुलिस ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशे के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पंजाब के अमृतसर से हेरोइन (चिट्टा) लाकर बिलासपुर के स्थानीय युवाओं को बेचने की फिराक में घूम रहे एक शातिर नशा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 11.73 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹2,50,000 आंकी गई है। इसके साथ ही आरोपी के पास से नशे की बिक्री के ₹10,500 नगद भी बरामद किए गए हैं।
उसलापुर बाजार में सजाई थी महफिल, मुखबिर ने खोला राज
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह के निर्देशानुसार, आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस संदिग्धों पर लगातार नजर रख रही थी। इसी बीच ACCU को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक व्यक्ति उसलापुर बाजार के पास भारी मात्रा में हेरोइन बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में सकरी पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने वैज्ञानिक अधिकारी की मौजूदगी में घेराबंदी कर रेड मारी और वास्तु शिखर अपार्टमेंट (उसलापुर) में रह रहे आरोपी दीपक वालिया (32 वर्ष, मूल निवासी अमृतसर, पंजाब) को दबोच लिया।
पुड़िया बनाकर महंगे दामों में बेचने की थी तैयारी
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी दीपक वालिया ने स्वीकार किया कि वह अमृतसर में नशा सप्लायरों के संपर्क में था। वह वहीं से थोक में हेरोइन खरीदकर बिलासपुर लाया था। आरोपी बिलासपुर के स्थानीय खरीदारों को टारगेट कर इस हेरोइन की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, पुलिस टीम होगी पुरस्कृत
सकरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(बी) एवं 22(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और बिलासपुर में उसके स्थानीय संपर्कों की जांच कर रही है ताकि इस रैकेट की पूरी रीढ़ तोड़ी जा सके। इस शानदार सफलता पर एसएसपी रजनेश सिंह ने सीएसपी (क्राइम) सुदीप सरकार, ACCU प्रभारी गोपाल सतपथी, और सकरी थाना प्रभारी संजय सिंह सहित पूरी टीम की सराहना करते हुए उचित पुरस्कार देने की घोषणा की है।
बिलासपुर पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास नशे का कोई भी अवैध कारोबार हो रहा हो, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।







