त्योहारों में सड़क पर ट्रेलर खड़े करने वालों पर कोरबा पुलिस सख्त; 7 गाड़ियां जब्त, 7 चालक गिरफ्तार

Korba police crack down on those parking trailers on the road during festivals; 7 vehicles seized, 7 drivers arrested

मानिकपुर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई: अमरैया पारा और राताखार बाईपास रोड पर फैला रखा था जाम, चालकों पर BNS की धारा 285 के तहत केस दर्ज

कोरबा, 17 अक्टूबर/त्योहारी सीजन के दौरान आम नागरिकों के सुगम आवागमन और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस ने सड़कों पर अवैध रूप से भारी वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। बीते दो दिनों (15 और 16 अक्टूबर) के भीतर पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर सड़कों पर लापरवाही से ट्रेलर खड़े कर यातायात बाधित करने वाले 07 ट्रेलर वाहनों को जब्त किया है, वहीं 07 आरोपियों (चालकों) को गिरफ्तार किया है।

बाईपास रोड को बना दिया था पार्किंग जोन
पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि त्योहारी सीजन में मुख्य बाईपास सड़कों पर भारी वाहनों को बेतरतीब तरीके से खड़ा कर दिया जाता है, जिससे घंटों जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। इस पर संज्ञान लेते हुए चौकी मानिकपुर पुलिस ने अमरैया पारा-मुड़ापार बाईपास रोड और थाना कोतवाली पुलिस ने राताखार बाईपास क्षेत्र में दबिश दी। मौके पर सड़क घेरे खड़े पाए गए सात ट्रेलरों को क्रेन और पुलिस बल की मदद से जब्त कर थानों में खड़ा कराया गया।

भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कार्रवाई
सड़क पर वाहन खड़ा कर आम जनता की जान जोखिम में डालने और मार्ग अवरुद्ध करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 (सार्वजनिक मार्ग में बाधा पहुंचाना) के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए अपराध दर्ज किया है।

बाहरी राज्यों के चालक भी शामिल
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों में स्थानीय लोगों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और झारखंड के भारी वाहन चालक शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में बलि राम कोर्राम (पसान), गुलाब सिंह गोंड (बांगो), गीता प्रसाद यादव (बांगो), राजकुमार विश्वकर्मा (बांगो) के अलावा रामप्रवेश पासवान (सोनभद्र, यूपी), पहलाद यादव (मैहर, एमपी) और रघुनाथ सिंह (गढ़वा, झारखंड) शामिल हैं।

जब्त ट्रेलरों की सूची:
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने CG 12 BG 7284, CG 12 AU 7204, CG 12 BG 7282, CG 12 AU 2488, CG 12 BH 1674, CG 12 BJ 0640, और CG 12 BG 7113 नंबर के ट्रेलर जब्त किए हैं।

कोरबा पुलिस की कड़ी चेतावनी
मामले में कोरबा पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि त्योहारों के दौरान किसी भी सूरत में सड़कों पर अवैध पार्किंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने सभी ट्रांसपोर्टरों और भारी वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग या सुरक्षित स्थानों पर ही खड़े करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई और जब्ती की मुहिम लगातार जारी रहेगी।