कोरबा के मुक्केबाज धनंजय कुमार शुक्ला का राष्ट्रीय विश्वविद्यालय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए चयन

Korba boxer Dhananjay Kumar Shukla selected for National University Boxing Championship

अगले महीने नोएडा में होने वाली नेशनल चैंपियनशिप में करेंगे अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व

कोरबा 17 अक्टूबर2026/ज्योति भूषण प्रताप सिंह विधि महाविद्यालय, कोरबा के होनहार छात्र धनंजय कुमार शुक्ला ने खेल जगत में जिले का नाम रोशन किया है। अपनी बेहतरीन बॉक्सिंग तकनीक और शानदार खेल प्रदर्शन की बदौलत धनंजय कुमार का चयन राष्ट्रीय विश्वविद्यालय बॉक्सिंग चैंपियनशिप (National University Boxing Championship) के लिए किया गया है। वे अगले महीने नोएडा में आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर (ABVU) का प्रतिनिधित्व करेंगे।

स्वर्ण पदक जीतकर पक्का किया टिकट
उल्लेखनीय है कि बीते 15 सितंबर को डीपी विप्र लॉ कॉलेज, बिलासपुर में ‘अंतर-महाविद्यालयीन बॉक्सिंग चैंपियनशिप’ का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में धनंजय कुमार ने अपनी आक्रामक और तकनीकी मुक्केबाजी से प्रतिद्वंद्वी को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) अपने नाम किया था। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयन समिति ने उन्हें नेशनल चैंपियनशिप के लिए यूनिवर्सिटी टीम में शामिल किया है।

ग्रामीण अंचल में हर्ष का माहौल
पाली ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण अंचल पाली पडनिया गांव के रहने वाले धनंजय की इस बड़ी उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। एक छोटे से गांव से निकलकर राष्ट्रीय पटल पर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने के उनके इस सफर की हर कोई सराहना कर रहा है।

खेल पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
धनंजय कुमार शुक्ला की इस ऐतिहासिक सफलता पर नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कमला नेहरू महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती किरण चौहान, जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष संदीप सिंह, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नौशाद खान, सचिव सुरेश क्रिस्टोफर सहित जिला बॉक्सिंग संघ के सभी पदाधिकारियों व खेलप्रेमियों ने बधाई दी है। सभी ने धनंजय को नोएडा में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतने के लिए अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।