कोरबा । थाना पाली क्षेत्र के ग्राम जमनीमूड़ा में हुए एक आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहाँ एक ग्रामीण की ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात की गंभीरता को देखते हुए कोरबा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं वारदात में शामिल उसके दो नाबालिग बेटों (विधि से संघर्षरत बालकों) को हिरासत में लेकर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 की शाम लगभग 6 से 7 बजे के बीच ग्राम जमनीमूड़ा में रहने वाले कुसाल सिंह कंवर का उसके पड़ोसी नारायण पोर्ते और उसके दो बेटों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बात इतनी बढ़ी कि नारायण और उसके दोनों बेटों ने कुसाल सिंह पर ईंट से हमला कर दिया। हमले में कुसाल सिंह के सिर और कनपटी पर गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में उन्हें 108 एम्बुलेंस की मदद से शासकीय अस्पताल पाली ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश और एएसपी लखन पटले व एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में पाली पुलिस ने टीम बनाकर आरोपियों की घेराबंदी की। पुलिस ने मुख्य आरोपी नारायण पोर्ते (44 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1) (हत्या) और 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को जेएमएफसी न्यायालय पाली में पेश किया, जहाँ से उसे उपजेल कटघोरा भेज दिया गया। वहीं दोनों नाबालिग बेटों को किशोर न्याय बोर्ड कोरबा के समक्ष पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह रवाना किया गया।







