कोरबा पश्चिम: लाल मैदान में इस बार दिखेगा 120 फीट का रावण, आंखें चमकाकर करेगा अट्टहास

Korba West: This time a 120 feet tall Ravana will be seen in the Lal Maidan, he will laugh loudly with his eyes shining.

हसदेव ताप विद्युत गृह की दशहरा समिति युद्ध स्तर पर जुटी तैयारियों में, 20 अक्टूबर को रात 8 बजे से गूंजेगी भव्य आतिशबाजी

कोरबा, 15 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ स्टेट पाॅवर जनरेशन कंपनी के हसदेव ताप विद्युत गृह (कोरबा पश्चिम) द्वारा इस वर्ष विजयादशमी का पर्व ऐतिहासिक और बेहद अनूठे अंदाज में मनाने की तैयारियां की जा रही हैं। क्षेत्र के मशहूर लाल मैदान दशहरा उत्सव के लिए इस बार 120 फीट ऊंचे विशालकाय रावण के पुतले का निर्माण कराया जा रहा है, जो पूरे जिले में मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा।

यह पूरा आयोजन हसदेव ताप विद्युत संयंत्र कोरबा पश्चिम के कार्यपालक निदेशक श्री एच.के. सिंह के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न होने जा रहा है। उनके निर्देशन में संयंत्र के अधिकारियों व कर्मचारियों की दशहरा उत्सव समिति बेहद तन्मयता, लगन और कड़ी मेहनत के साथ रावण पुतले के निर्माण कार्य में जुटी हुई है।

रिमोट तकनीक से संचालित होगा रावण का रौद्र रूप
दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष श्री एम.के. गुप्ता ने कार्यक्रम की विशिष्टताओं की जानकारी देते हुए बताया कि इस साल का रावण दहन बेहद रोमांचक और आधुनिक तकनीक से लैस होगा। लाल मैदान के मंच पर खड़ा दस सिरों वाला रावण न सिर्फ विशालकाय दिखेगा, बल्कि वह दर्शकों के सामने अपनी लाल-लाल आंखें दिखाएगा और जोर-जोर से अट्टहास (अहंकार की हंसी) भी करेगा। पुतले के भीतर इसके लिए विशेष मैकेनिज्म तैयार किया गया है।

आसमानी आतिशबाजी होगी मुख्य आकर्षण

समिति के अनुसार, मुख्य कार्यक्रम का आयोजन 20 अक्टूबर की रात को होगा। मैदान में रात 8 बजे से भव्य आसमानी आतिशबाजी शुरू की जाएगी, जो विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। देश के बेहतरीन आतिशबाजों द्वारा तैयार रंग-बिरंगी रोशनी से जब पूरा आसमान सराबोर हो उठेगा, उसके तुरंत बाद बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक स्वरूप गगनभेदी आतिशबाजी के बीच 120 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। समिति ने सभी क्षेत्रवासियों को इस भव्य आयोजन का गवाह बनने के लिए आमंत्रित किया है।