बिलासपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन बाज’: सकरी पुलिस ने एक ही दिन में 6 स्थायी वारंटियों को दबोचा

Bilaspur Police's 'Operation Baaz': Sakri police arrested 6 permanent warrants in a single day.

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा अपराधियों और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत सकरी थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सकरी पुलिस की टीम ने एक ही दिन में तूफानी कार्रवाई करते हुए 06 फरार स्थायी वारंटियों को अलग-अलग ठिकानों से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर उप-महानिरीक्षक (DIG) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के कड़े निर्देश के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान चलाया गया। सकरी थाना प्रभारी संजय शिंदे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कोर्ट द्वारा जारी स्थायी वारंट के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश शुरू की और मुस्तैदी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर सभी 6 वारंटियों को धरदबोचा।

पकड़े गए आरोपियों के नाम:

  1. प्रिंस उर्फ केवडा (20 वर्ष), निवासी- घुरू, थाना सकरी।
  2. रामाशंकर यादव (20 वर्ष), निवासी- गोकुलधाम घुरू, थाना सकरी।
  3. राजू यादव (27 वर्ष), निवासी- गोकुलधाम घुरू, थाना सकरी।
  4. शिव कुमार लहरे (46 वर्ष), निवासी- बाजार चौक अमेरी, थाना सकरी।
  5. पृथ्वी कुमार सूर्यवंशी (21 वर्ष), निवासी- सकर्रा, थाना हिर्री।
  6. सन्नी दास मानिकपुरी (22 वर्ष), निवासी- अटल आवास सकरी, थाना सकरी।

इस पूरी अपराध विरोधी और सराहनीय कार्रवाई में सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शिंदे, आरक्षक मनोज बघेल, नर्मदाराम साहू, राजकुमार मधुकर, जीना अनंत और महिला आरक्षक प्रीति शर्मा की विशेष व सक्रिय भूमिका रही। पुलिस की इस मुस्तैद कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।