दुगली के कन्या स्कूल में पुलिस ने छात्राओं को सिखाए यातायात नियम, साइबर ठगी से बचाव की भी दी जानकारी

Police taught traffic rules to girls at Dugli Girls School and also provided information on how to protect against cyber fraud.

धमतरी, 10 अक्टूबर 2026/ धमतरी पुलिस द्वारा जिले में सुरक्षित यातायात, साइबर अपराधों से बचाव और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुगली में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को यातायात नियमों, नए आपराधिक कानूनों, साइबर फ्रॉड और नशामुक्ति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस की टीम ने छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए यातायात नियमों के पालन की समझाइश दी। उन्हें बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना जरूरी है। इसके अलावा निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और नाबालिगों को वाहन चलाने से रोकने की जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने छात्राओं को सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, यातायात संकेतों को समझने और उनका पालन करने के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों के बारे में बताया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर निर्धारित दंड के प्रावधानों की जानकारी देते हुए छात्राओं को स्वयं नियमों का पालन करने और अपने परिवार के सदस्यों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव पर भी विशेष जोर दिया गया। छात्राओं को अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी ऑनलाइन ऑफर और ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस ने समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी या अन्य संवेदनशील विवरण साझा नहीं करना चाहिए। साइबर ठगी होने की स्थिति में बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।

इसके साथ ही छात्राओं को नए आपराधिक कानूनों के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराया गया। नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए उन्हें नशे से दूर रहने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

धमतरी पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों को जागरूक बनाकर सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना भी है। इसी उद्देश्य से जिले के स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें, नशे से दूर रहें और जागरूक नागरिक बनकर सुरक्षित समाज के निर्माण में योगदान दें।