रायपुर में नौकरी और ट्रांसफर के नाम पर 25 लाख की ठगी, खुद को गृहमंत्री का निज सहायक बताकर लिए 70 हजार; दो आरोपी गिरफ्तार

In Raipur, a man posing as the Home Minister's personal assistant allegedly duped a man of 25 lakh rupees in the name of a job and transfer, and allegedly took 70,000 rupees. Two accused arrested.

रायपुर, 7 अक्टूबर 2026 । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सरकारी नौकरी लगाने और ट्रांसफर कराने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सिविल लाइन पुलिस ने लोगों को प्रभावशाली अधिकारियों और नेताओं से संपर्क होने का झांसा देकर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने करीब 15 लोगों से नौकरी और ट्रांसफर के नाम पर लगभग 25 लाख रुपये लेने की बात स्वीकार की है।

मामले में प्रार्थी बोस्टो तांडी की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की। आरोप है कि आदित्य मोहन पंडा और संतराम यादव ने सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया था। आदित्य ने खुद को गृहमंत्री विजय शर्मा का निज सहायक बताते हुए प्रार्थी से 70 हजार रुपये लिए। रकम लेने के बाद भी नौकरी नहीं लगाई गई।

शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में नौकरी और ट्रांसफर के नाम पर कई लोगों से रकम लेने का खुलासा हुआ। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने इसी तरीके से अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है। पुलिस अब ठगी के अन्य पीड़ितों और मामलों की जानकारी जुटा रही है।

आरोपियों के कब्जे से गृहमंत्री कार्यालय का फर्जी आईकार्ड भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी पहचान और प्रभावशाली लोगों से संपर्क का दावा कर लोगों को विश्वास में लेते थे और इसके बाद उनसे रकम वसूलते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य मोहन पंडा (23), निवासी कमल विहार रायपुर और संतराम यादव (38), निवासी हिमालया हाईट्स देवपुरी रायपुर के रूप में हुई है। सिविल लाइन पुलिस ने अपराध क्रमांक 528/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(2), 319(2), 336(3), 340 और 3(5) में मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस की पूछताछ जारी है और मामले में ठगी के और भी पीड़ित सामने आने की संभावना है।