शादी का झांसा देकर युवती से अनाचार, चांपा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Champa police arrested the accused for raping a young woman on the pretext of marriage.

जांजगीर-चांपा, 04 अक्टूबर 2026। शादी का झांसा देकर युवती से जबरन अनाचार करने के मामले में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अभिषेक सागर (21) निवासी देवरी, थाना सारागांव, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी और पीड़िता की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने युवती से प्रेम संबंध होने तथा उससे शादी करने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने युवती के साथ जबरन अनाचार किया।

पीड़िता की शिकायत पर चांपा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 490/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता के बयान सहित मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों को संकलित किया। जांच में सामने आए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी अभिषेक सागर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की विवेचना आगे भी जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, IPS के निर्देशन में चांपा थाना पुलिस द्वारा की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों में शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे, उपनिरीक्षक भवानी सिंह चौहान, आरक्षक आदित्य प्रताप सिंह और महिला आरक्षक निरमा टोप्पो का विशेष योगदान रहा।