प्रदेशभर से पहुंचे 250 खिलाड़ी एवं अधिकारी, तीन दिनों तक दिखेगा ताइक्वांडो का रोमांच
पहले दिन कोरबा, दुर्ग और रायगढ़ के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के ताइक्वांडो खिलाड़ियों के लिए बहुप्रतीक्षित 22वीं राज्यस्तरीय जूनियर एवं सीनियर तथा 9वीं कैडेट ताइक्वांडो स्पर्धा का शनिवार को रायगढ़ के रेलवे इंस्टिट्यूट में भव्य शुभारंभ हुआ। 26 से 28 सितंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन जिला ताइक्वांडो संघ रायगढ़ एवं छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 250 खिलाड़ी, प्रशिक्षक, निर्णायक एवं खेल अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। कोरबा, दुर्ग और रायगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा और तकनीकी कौशल का दमखम दिखाया। प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि कर्नल प्रवीण तेवतिया, कमांडिंग ऑफिसर, 28 सीजी बटालियन रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी रायगढ़ श्री गोपाल अग्रवाल, अनिल द्विवेदी, महासचिव, छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ एवं महेश दास, कोषाध्यक्ष, छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विकास सिन्हा ने किया।
खेल अनुशासन और आत्मविश्वास का माध्यम : कर्नल प्रवीण तेवतिया
मुख्य अतिथि कर्नल प्रवीण तेवतिया ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और कठिन परिस्थितियों में संघर्ष करने की क्षमता विकसित करता है। ताइक्वांडो जैसे खेल युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता भी प्रदान करते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि प्रतियोगिता में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन और निरंतर मेहनत है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत और समर्पण के बल पर खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग जरूरी : गोपाल अग्रवाल
विशिष्ट अतिथि समाजसेवी रायगढ़ गोपाल अग्रवाल ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए समाज और संस्थाओं को मिलकर प्रयास करना चाहिए। रायगढ़ में राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन जिले के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हैं तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
ताइक्वांडो का आधार लगातार हो रहा मजबूत : अनिल द्विवेदी
छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ के महासचिव अनिल द्विवेदी ने कहा कि संघ का निरंतर प्रयास है कि प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, उच्च स्तरीय प्रतियोगिताएं और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि छत्तीसगढ़ में ताइक्वांडो का आधार लगातार मजबूत हो रहा है। जूनियर, सीनियर और कैडेट वर्ग के खिलाड़ियों के लिए यह प्रतियोगिता अपनी प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने मेजबान जिला ताइक्वांडो संघ रायगढ़ के पदाधिकारियों एवं पूरी आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
अनुभवी रेफरी संभाल रहे प्रतियोगिता की जिम्मेदारी
प्रतियोगिता में मुकाबलों को निष्पक्ष एवं निर्धारित खेल नियमों के अनुसार संपन्न कराने के लिए अनुभवी रेफरी एवं तकनीकी अधिकारियों की टीम अपनी जिम्मेदारी निभा रही है। अनिल सिंह, रामकिशन, अखिलेश केवर्त, नताशा भटपहरे, रजनी लहरे, स्नेहा साहू, आकाश सोनवानी, अंकित प्रजापति, संदीप मंडल, आशुतोष सोलंकी एवं संजीत राय प्रतियोगिता में रेफरी की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
रेफरी एवं तकनीकी अधिकारियों की टीम द्वारा विभिन्न आयु एवं भार वर्गों के मुकाबलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करते हुए प्रतियोगिता को सुचारु एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराया जा रहा है।
आयोजन को सफल बनाने में रायगढ़ की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
प्रतियोगिता को सफल बनाने में रायगढ़ के संदीप पाल, शिव काशी एवं नताशा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं से लेकर खिलाड़ियों एवं तकनीकी अधिकारियों के समन्वय तक पूरी टीम सक्रियता से कार्य कर रही है।
जिला ताइक्वांडो संघ रायगढ़ के सचिव संदीप पाल सहित संघ के पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं आयोजन समिति के सदस्य प्रतियोगिता को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के लिए आवास, भोजन, प्रतियोगिता स्थल, निर्णायक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।
प्रदेश के अनेक जिलों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
तीन दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मेजबान रायगढ़ के अलावा कोरबा, सक्ती, बिलासपुर, रायपुर, महासमुंद, सूरजपुर, दुर्ग, जशपुर, सरगुजा, बलौदाबाजार सहित प्रदेश के अनेक जिलों के खिलाड़ी एवं अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा और शानदार खेल कौशल देखने को मिल रहा है। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों और खेलप्रेमियों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह है।
आज होगा ताइक्वांडो स्पर्धा का भव्य समापन
रायगढ़। रेलवे इंस्टिट्यूट में चल रही 22वीं राज्यस्तरीय जूनियर-सीनियर एवं 9वीं कैडेट ताइक्वांडो स्पर्धा का आज भव्य समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि रायगढ़ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री शशि मोहन सिंह होंगे। इस अवसर पर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
तीन दिनों तक चली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों को भी सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन समिति ने समापन समारोह में खेलप्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
उद्घाटन अवसर पर ताइक्वांडो संघ के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, रेफरी, खिलाड़ी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।








