रायगढ़ में ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई, बाड़ी में छिपाकर रखी 9 लीटर महुआ शराब जब्त; आरोपी गिरफ्तार

Major action under Operation Trauma in Raigarh, 9 liters of Mahua liquor hidden in a garden seized; accused arrested

रायगढ़, 27 सितम्बर । जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने ग्राम नंदेली के इंदिरा आवास पारा में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिक्री के लिए छिपाकर रखी गई 9 लीटर महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 900 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नंदेली के इंदिरा आवास पारा में एक व्यक्ति अपनी बाड़ी में अवैध रूप से बिक्री के लिए महुआ शराब छिपाकर रखा हुआ है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनबोध चौहान पिता पीला राम चौहान, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम नंदेली इंदिरा आवास पारा, थाना कोतरारोड़, जिला रायगढ़ बताया। पुलिस ने उसकी बाड़ी की तलाशी ली, जहां 5-5 लीटर क्षमता वाली दो प्लास्टिक जरीकेन में कुल 9 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब जब्त कर पंचनामा तैयार किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक रवि साय, आरक्षक अजय साय, बंशी रात्रे, मनोज यादव और महिला आरक्षक कस्तुरी राठिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।