धमतरी में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट का 3 साल से फरार आरोपी गरियाबंद से गिरफ्तार, स्थाई वारंट पर सिहावा पुलिस की कार्रवाई

Accused of rape and POCSO Act absconding for 3 years in Dhamtari arrested from Gariaband, action taken by Sihawa police on permanent warrant

धमतरी, 26 सितम्बर। जिले में फरार आरोपियों और स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिहावा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में करीब तीन साल से फरार चल रहे स्थाई वारंटी आरोपी को पुलिस ने गरियाबंद जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से प्राप्त जेल वारंट के आधार पर जिला जेल धमतरी में दाखिल कराया गया।

पुलिस के अनुसार, थाना सिहावा के अपराध क्रमांक 92/2023 में राकेश उर्फ बैराग्य मरकाम (26), निवासी भालूपानी, थाना शोभा, जिला गरियाबंद के खिलाफ गंभीर अपराध दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस की ओर से उसकी तलाश लगातार जारी रही। फरारी के चलते पुलिस ने न्यायालय में फरारी चालान प्रस्तुत किया, जिसके बाद 13 सितंबर 2023 को न्यायालय ने आरोपी के खिलाफ स्थाई वारंट जारी किया था।

स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के लिए सिहावा पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपी के संभावित ठिकानों पर निगरानी और लगातार पतासाजी की। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गरियाबंद जिले में मौजूद है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम तत्काल गरियाबंद रवाना हुई और योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर राकेश उर्फ बैराग्य मरकाम को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय से प्राप्त जेल वारंट के आधार पर उसे जिला जेल धमतरी भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 92/2023 दर्ज है। पुलिस के अनुसार मामले में भारतीय न्याय संहिता से संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिहावा निरीक्षक चक्रधर बाघ, सउनि दुलाल नाथ, आरक्षक हरीश कावड़े और वाहन चालक आरक्षक हेमलाल ध्रुव का विशेष योगदान रहा। धमतरी पुलिस का फरार आरोपियों और स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी का अभियान लगातार जारी है।