कोरबा। जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में कोरबा पुलिस द्वारा ध्वनि प्रदूषण फैलाने और तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। माननीय न्यायालयों के निर्देशों, एनजीटी (NGT) की गाइडलाइन तथा कोलाहल अधिनियम के प्रावधानों के तहत पुलिस टीम ने दीपका और बाकीमोंगरा थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन डीजे संचालकों के उपकरणों को पिकअप वाहन सहित जब्त कर लिया है।
दीपका में दो और बाकीमोंगरा में एक पर गिरी गाज
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना दीपका क्षेत्र में निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक तेज आवाज में डीजे/ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाते पाए जाने पर दो डीजे संचालकों पर कानूनी शिकंजा कसा गया। इनमें कसई पाली निवासी नवरतन कुमार और धुरेना निवासी रवि कुमार शामिल हैं। वहीं, थाना बाकीमोंगरा क्षेत्र में भी नियमों की धज्जियां उड़ाकर तेज आवाज में डीजे बजाने पर कुरैना निवासी संचालक भूवन पाल के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है।
वाहन समेत डीजे सिस्टम जब्त, कोर्ट में पेशी की तैयारी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से भारी-भरकम डीजे साउंड सिस्टम और ध्वनि विस्तारक यंत्रों को वाहनों सहित अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस प्रशासन द्वारा इन सभी संबंधित डीजे संचालकों के विरुद्ध कोलाहल अधिनियम के तहत वैधानिक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब्त किए गए सभी डीजे उपकरणों और वाहनों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
नियम तोड़ा तो होगी सीधी जब्ती: कोरबा पुलिस
इस कार्रवाई के माध्यम से कोरबा पुलिस ने सभी डीजे संचालकों, धुमाल ग्रुपों और स्थानीय उत्सव आयोजन समितियों को बेहद स्पष्ट और कड़ा संदेश दिया है। पुलिस ने अपील की है कि सभी अनिवार्य रूप से निर्धारित ध्वनि सीमा एवं न्यायालय व एनजीटी के निर्देशों का पालन करें। आमजन की शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और नियमों का उल्लंघन करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।







