श्री नव युवक गणेश उत्सव समिति’ की अनूठी पहल, नई पीढ़ी को सनातन मूल्यों से जोड़ने के लिए कराया निःशुल्क प्रदर्शन
कोरबा/16 सितंबर। औद्योगिक नगरी कोरबा के उपनगरीय क्षेत्र दर्री के अयोध्यापुरी में आयोजित गणेश महोत्सव में इन दिनों श्रद्धालुओं का गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। श्री नव युवक गणेश उत्सव समिति अयोध्यापुरी द्वारा आयोजित इस भव्य उत्सव में बप्पा के दर्शन के साथ-साथ वर्तमान में देश भर में तहलका मचा रही आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ की विशेष स्क्रीनिंग की गई। फिल्म देखने के लिए पंडाल में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोग पहुंचे,पूरा पंडाल जय श्री राम और जय हनुमान के जयकारों से गूंज उठा।
पंडाल बना सिनेमाघर, भावुक हुए दर्शक
फिल्म की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्क्रीनिंग शुरू होने से पहले ही दर्शक पहुंचने लगे। मात्र ₹5 करोड़ के सीमित बजट में बनी और अब तक ₹98 करोड़ से अधिक की रिकॉर्ड कमाई कर चुकी यह फिल्म प्रसिद्ध संत पूज्य नीब करौरी बाबा के आध्यात्मिक जीवन और उनके चमत्कारों पर आधारित है। फिल्म के दृश्य और बाबा के सेवा-भक्ति के संदेश को देखकर पंडाल में मौजूद कई श्रद्धालु भावुक हो उठे।

समिति का संदेश: नई पीढ़ी जुड़े सनातन मूल्यों से
श्री नव युवक गणेश उत्सव समिति अयोध्यापुरी के पदाधिकारि आकाश गुप्ता विमल शाह ने इस अनूठे आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के आधुनिक और डिजिटल दौर में युवा पीढ़ी को अपनी आध्यात्मिक जड़ों और सनातन मूल्यों से परिचित कराना बेहद जरूरी है। यही वजह है कि बप्पा के उत्सव के बीच पूज्य नीम करौली महाराज के भक्ति, सेवा और विश्वास के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए इस निःशुल्क शो का आयोजन किया गया।
आगामी दिनों में मचेगी धूम: खेलकूद के साथ होगा ‘बिरहा’ का मुकाबला
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि उत्सव के आगामी दिनों में बच्चों और बड़ों के लिए कई तरह के विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बच्चों के लिए पेंटिंग, कुर्सी दौड़, मटका फोड़, बैलून पॉपिंग रेस, गुब्बारा फोड़, और धार्मिक ज्ञान प्रतियोगिताएं होंगी, जो उनके बौद्धिक व शारीरिक विकास में मदद करेंगी। वहीं, बड़ों के लिए भव्य भजन संध्या, आरती प्रतियोगिता और लोक संस्कृति से सराबोर विशेष ‘बिरहा’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, ताकि पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में डूबा रहे।
इन कर्मठ सहयोगियों की मेहनत से सफल हुआ आयोजन
इस पूरे भव्य आयोजन और फिल्म की सफल स्क्रीनिंग को सुचारू रूप से संपन्न कराने में समिति की युवा टोली का सराहनीय योगदान और श्रमदान रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से संतोष गुप्ता, आकाश गुप्ता, विमल गुप्ता, मनोज कुमार राम, सियाराम सिंह, सनी पांडे, रवि चौरसिया, दुर्गेश साहू, आकाश वर्मा, अमित साहू, अमन गुप्ता, अंकित, अंकित सिंह राजपूत, वत्सल सिंह राजपूत, आशीष गुप्ता, रिंकू सिंह, प्रांजल साहू, नैतिन गुप्ता और प्रमोद साह का विशेष सहयोग रहा। समिति के इन सांस्कृतिक और सामाजिक कदमों की पूरे क्षेत्र में जमकर तारीफ हो रही है।







