संबलपुरी में खूनी खेल: नशे में धुत युवक ने सोसायटी के पास युवक के सीने पर ताबड़तोड़ वार कर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Bloody game in Sambalpuri: A drunk youth stabbed a young man in the chest near the society and killed him, the accused was arrested.

बिलासपुर (सकरी)। संबलपुरी गांव में सोमवार शाम को एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां सोसायटी के पास दोस्तों के साथ खड़े एक युवक की गांव के ही एक नशेड़ी युवक ने धारदार हथियार से सीने पर ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सकरी पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को दबोच लिया है। उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अमरनाथ सूर्यवंशी (23 वर्ष) निवासी संबलपुरी ने सकरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 सितंबर की शाम करीब 04:30 बजे उसका भाई आकाश सूर्यवंशी अपने दोस्तों और ग्रामीणों के साथ गांव की सोसायटी के पास खड़ा था। इसी दौरान गांव का ही अमन सूर्यवंशी (23 वर्ष) पिता प्रहलाद सूर्यवंशी अत्यधिक नशे की हालत में वहां पहुंचा और बिना किसी कारण के आकाश से जबरदस्ती गाली-गलौज करते हुए झूमाझटकी करने लगा।

सीने पर किए कई वार, सिम्स में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी अमन सूर्यवंशी ने हत्या करने की नीयत से अपने पास रखे धारदार हथियार को निकाला और आकाश के सीने पर कई गंभीर वार कर दिए। अचानक हुए इस जानलेवा हमले से आकाश लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और बेहोशी की हालत में आकाश को तत्काल इलाज के लिए सिम्स (CIMS) अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
भाई की मौत के बाद प्रार्थी अमरनाथ सूर्यवंशी की शिकायत पर सकरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 849/2026, धारा 103(1) बीएनएस (BNS) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सकरी पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और आरोपी अमन सूर्यवंशी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार को भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।