एनटीपीसी जमनीपाली पर ₹15 लाख का पर्यावरण जुर्माना

NTPC Jamnipali fined ₹15 lakh for environmental damage

रूमगरा हवाई पट्टी के पास अवैध रूप से डंप की जा रही थी फ्लाई ऐश, पर्यावरण मंडल की रात में बड़ी कार्रवाई, वाहन जब्त

कोरबा। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय ने अवैध फ्लाई ऐश (राखड़) डंपिंग के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है। रूमगरा हवाई पट्टी चौक के पास अवैध रूप से राखड़ डंप करते पाए जाने पर मेसर्स एनटीपीसी लिमिटेड (NTPC), जमनीपाली पर ₹15.00 लाख की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति (जुर्माना) अधिरोपित की गई है। पर्यावरण मंडल की इस त्वरित कार्रवाई से राखड़ माफिया और नियमों की अनदेखी करने वाले उद्योगों में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी श्री प्रसन्ना सोनकर को 9 सितंबर की रात दूरभाष (फ़ोन) के माध्यम से सूचना मिली थी कि रूमगरा हवाई पट्टी चौक के निकट, गुप्ता होटल के पास स्थित निजी/शासकीय भूमि पर धड़ल्ले से फ्लाई ऐश की अवैध डंपिंग की जा रही है। सूचना मिलते ही पर्यावरण मंडल की टीम ने देर रात मौके पर दबिश दी। टीम ने डंपिंग स्थल पर घेराबंदी कर फ्लाई ऐश खाली कर रहे वाहनों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

धनरास राखड़ बांध से लाई जा रही थी ऐश
मौके पर की गई शुरुआती जांच और चालकों से पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि उक्त वाहनों में मेसर्स एनटीपीसी लिमिटेड, जमनीपाली के धनरास स्थित राखड़ बांध (ऐश डैम) से फ्लाई ऐश लोड की गई थी। नियमों को ताक पर रखकर इस खतरनाक औद्योगिक कचरे को निर्धारित स्थल के बजाय रूमगरा में खुले में डंप किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय अधिकारी ने तत्काल एनटीपीसी प्रबंधन के उच्च अधिकारियों को दूरभाष पर सूचित किया और इस अवैध गतिविधि पर कड़े निर्देश जारी किए। स्थल पर डंप की गई फ्लाई ऐश की कुल मात्रा का आकलन करने के बाद एनटीपीसी के विरुद्ध ₹15 लाख का जुर्माना ठोंका गया।


वर्जन
“फ्लाई ऐश का इस तरह अवैध रूप से डंप किया जाना पर्यावरणीय नियमों का गंभीर उल्लंघन है। हमारी टीम लगातार ऐसे वाहनों और डंपिंग साइट्स पर सतत निगरानी रख रही है। भविष्य में भी यदि किसी उद्योग या संस्था द्वारा इस प्रकार की लापरवाही पाई गई, तो उनके विरुद्ध इससे भी अधिक कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और भारी क्षतिपूर्ति अधिरोपित होगी।”
– प्रसन्ना सोनकर, क्षेत्रीय अधिकारी, छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, कोरबा