बिलासपुर। आगामी त्योहारों के दौरान शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए बिलासपुर पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में सिरगिट्टी पुलिस ने यदुनंदन नगर तिफरा के पास आम लोगों को धारदार चाकू दिखाकर डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध चाकू जब्त कर उसे जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह के निर्देश पर असामाजिक तत्वों, चाकूबाजों और नशाखोरों के खिलाफ लगातार धरपकड़ की कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) के मार्गदर्शन में सिरगिट्टी थाना प्रभारी व प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी के नेतृत्व में पुलिस की बीट टीम क्षेत्र में सतत गश्त पर थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुंदरापारा तिफरा के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले राहगीरों को डरा-धमका रहा है, जिससे इलाके में अशांति का माहौल है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
पकड़े गए आरोपी की पहचान करन साहू (23 वर्ष), पिता संतराम साहू, निवासी कुंदरापारा तिफरा के रूप में हुई है। आरोपी के पास से एक नग अवैध धारदार चाकू बरामद किया गया है। सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 661/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है।
असामाजिक तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस को दें
प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी ने आम जनता से अपील की है कि कानून व्यवस्था भंग करने, नशाखोरी करने और सार्वजनिक स्थानों पर बाधा उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अपराधियों और शांति भंग करने वालों के खिलाफ सिरगिट्टी पुलिस की यह कठोर कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।







