जय यादव, जय माधव’ के नारों से गूंज उठा कोरबा शहर, यादव समाज ने निकाली भव्य शोभायात्रा

Korba city resounded with slogans of 'Jai Yadav, Jai Madhav', the Yadav community took out a grand procession.

कोरबा। भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर गुरुवार को कोरबा शहर में यादव समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा एवं रैली निकाली गई। शोभायात्रा में समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे शहर में ‘जय यादव, जय माधव’ के जयघोष गूंजते रहे और कृष्ण भक्ति का माहौल बना रहा।

शोभायात्रा में यादव समाज की एकजुटता और सामाजिक शक्ति साफ नजर आई। बड़ी संख्या में लोग पैदल यात्रा में शामिल हुए, वहीं युवाओं ने बाइक रैली के माध्यम से अपनी सहभागिता दर्ज कराई। शोभायात्रा के दौरान सड़कों पर बाइकों की लंबी कतारें नजर आईं। इसके साथ ही कारों का काफिला भी आकर्षण का केंद्र रहा।

शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ समाज की एकता और भाईचारे का संदेश दिया गया। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। पारंपरिक वेशभूषा और उत्साह के साथ शामिल समाज के लोगों ने पूरे आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

पैदल चल रहे श्रद्धालुओं से लेकर बाइक और कारों के काफिले तक, शहर में यादव समाज की एकजुटता और उत्साह देखते ही बना। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी रही।