बिलासपुर। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने एक बार फिर कड़ा रुख अख्तियार किया है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह के निर्देशन में थाना सरकंडा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुल 16 आरोपियों व बदमाशों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग सार्वजनिक जगहों पर धारदार चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले 4 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, वहीं 12 अन्य आदतन बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम टाउन भ्रमण पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अमरैया चौक, बहतराई चौक, महामाया चौक और सीपत चौक पर कुछ युवक हाथ में तेज धारदार बटनदार चाकू लेकर आम लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की अलग-अलग टीमों ने चारों घटना स्थलों पर तत्काल घेराबंदी की और चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग प्रकार के 04 नग अवैध धारदार चाकू बरामद किए गए। सार्वजनिक स्थान पर अवैध हथियार लहराने और कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं करने पर पुलिस ने आरोपी भारत कुलपहाड़ी (32 वर्ष), साहिल सूर्यवंशी (20 वर्ष), मोहित राव कामले (19 वर्ष) और अभिषेक साहू उर्फ नानू (21 वर्ष) के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत 04 अलग-अलग मामले दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। सभी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
12 बदमाशों पर भी कसा शिकंजा
इसी अभियान के तहत पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 07 बदमाशों (संतोष सोनी, ताज खान, सुनील साहू, शेख शहजादा उर्फ बबलू, ऋषि देवांगन, नरोत्तम कश्यप और साहेब लाल राजपूत) के खिलाफ धारा 170, 126-3, 135 बीएनएसएस के तहत सख्त कार्रवाई की है। इसके अतिरिक्त 05 अन्य बदमाशों (ओमप्रकाश निषाद, नीव अनचंदानी, प्रसन्नजीत सिन्हा, सत्यप्रकाश शास्त्री और मुकारक अली) के विरुद्ध धारा 126-3, 135 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें बाउंड ओवर (कड़ा बांड भरवाने) कराया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल और सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।







