सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लहराकर फैला रहे थे दहशत, 6 नग धारदार हथियार बरामद, भेजे गए जेल।
बिलासपुर /आगामी हिंदू पर्व कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए तोरवा पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ा अभियान छेड़ दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की जा रही विशेष संध्या पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अलग-अलग क्षेत्रों से कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इनमें से 5 आरोपी सरेआम चाकू लहराकर दहशत फैला रहे थे, जबकि एक आरोपी पुरानी चाकूबाजी की घटना में फरार चल रहा था।
तोरवा थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विभिन्न इलाकों में घेराबंदी कर पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों पर शिकंजा कसा। पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत पांच अलग-अलग मामले (अपराध क्रमांक 473 से 477/2026) दर्ज किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में निलेश उर्फ छोटू गंगोत्री (24 वर्ष, देवरीखुर्द), घनश्याम मिश्रा (40 वर्ष, देवरीखुर्द), रविशंकर पाल (22 वर्ष, लालखदान), सरोज यादव (37 वर्ष, लालखदान) और दीपक बघेल उर्फ शिब्बू (23 वर्ष, गणेश नगर सिरगिट्टी) शामिल हैं। इनके कब्जे से लोहे के 5 धारदार चाकू बरामद किए गए हैं।
फरार चाकूबाज भी चढ़ा हत्थे:
इसके अलावा, तोरवा पुलिस ने अपराध क्रमांक 469/2026 में शामिल सिरगिट्टी नयापारा निवासी फरार मुख्य आरोपी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू साहू को भी धर दबोचा। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2), 181/1, 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है। पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।







