भारतीय डाक विभाग में ग्रामीण डाक सेवक (GDS) के 23,757 पदों पर नौकरियां निकली हैं।
भारतीय डाक विभाग में ग्रामीण डाक सेवक (GDS) के 23,757 पदों पर नौकरियां निकली हैं। 31 अगस्त 2026 से ही पंजीकरण शुरू हो चुका है। उम्मीदवार भारतीय डाक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तारीख 19 सितंबर 2026 है। ऑनलाइन आवेदन जमा करने और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया 2 सितंबर से 21 सितंबर 2026 तक चलेगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
ग्रामीण डाक सेवक पद के लिए उम्मीदवार का 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी है। ऐसे में दसवीं पास अभ्यर्थी इन नौकरियों के लिए अप्लाई कर सकते हैं। उम्मीदवार की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इन नौकरियों में महाराष्ट्र डाक सर्किल में सबसे अधिक 2,297 पद हैं। तमिलनाडु में 2,118 और उत्तर प्रदेश में 1,691 पद हैं। इन नौकरियों के बारे में विस्तार से जानकारी के लिए अभ्यर्थी अधिसूचना देख सकते हैं।
27 अगस्त को जारी हुआ था भर्ती का नोटिफिकेशन
इन नौकरियों में उम्मीदवारों का चयन मेरिट सूची के आधार पर होगा। मेरिट सूची 10वीं कक्षा की माध्यमिक विद्यालय परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। पंजीकरण के लिए सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों को 100 रुपये शुल्क देना होगा।
अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को शुल्क से छूट है। वहीं, दिव्यांग उम्मीदवारों को भी शुल्क नहीं देना होगा। भर्ती में शाखा डाकपाल (बीपीएम), सहायक शाखा डाकपाल (एबीपीएम) और ग्रामीण डाक सेवक के पद शामिल हैं। भर्ती का नोटिफिकेशन 27 अगस्त 2026 को जारी किया गया था।
जीडीएस भर्ती के लिए अभ्यर्थी की उम्र 21 सितंबर 2026 को 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी। अभ्यर्थियों का 10वीं में गणित और अंग्रेजी विषय होना चाहिए। अभ्यर्थियों को बुनियादी कंप्यूटर ज्ञान होना चाहिए। साथ ही उनको साइकिल चलाना आना चाहिए।







