तमिलनाडु में छिपा था पत्नी का हत्यारा, गांव पहुंचते ही रायगढ़ पुलिस ने दबोचा…

The murderer of his wife was hiding in Tamil Nadu, but was arrested by the Raigarh police as soon as he reached the village.

रायगढ़, 29 अगस्त 2026/: “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत कापू पुलिस को पत्नी की हत्या कर करीब चार माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की को फरार आरोपी के गांव आने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा को गिरफ्तार किया। आरोपी घटना के बाद से तमिलनाडु में फरारी काट रहा था। विदित हो कि थाना कापू में मर्ग क्रमांक 48/2026, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मृतिका ननकी बाई पहाड़ी कोरवा पति कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा, उम्र 30 वर्ष, निवासी गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा की मृत्यु के संबंध में मर्ग जांच की जा रही थी।

4 जून को घटना को लेकर मर्ग इंटिमेशन दर्ज किया गया, मर्ग जांच के दौरान मृतिका के पिता जीतन राम पहाड़ी कोरवा सहित प्रत्यक्षदर्शी एवं अन्य गवाहों के कथन लिए गए। गवाहों द्वारा बताया गया कि दिनांक 03 जून 2026 को मृतिका का पति आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा अपनी पत्नी के साथ मारपीट करते हुए इंचपारा से गुड़ाआमा की ओर ले जा रहा था। गाड़ा घुटरा जंगल-पहाड़ी रास्ते के पास आरोपी द्वारा मृतिका के साथ हाथ-मुक्का, डंडा एवं पत्थर से मारपीट की गई, जिससे उसके सिर, गाल, चेहरे, आंख, पीठ, जांघ एवं कोहनी में गंभीर चोटें आईं और उसकी मृत्यु हो गई। तत्कालीन थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव ने मृतिका के शव का पंचनामा पश्चात पोस्टमार्टम हेतु सीएचसी कापू भेजा गया। प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक द्वारा मृतिका की मृत्यु को हॉमिसाइडल एवं हत्यात्मक प्रकृति का होना लेख किया गया।

मर्ग जांच में आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा के विरुद्ध अपराध घटित करना पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध थाना कापू में अपराध क्रमांक 88/2026 धारा 103 (1) बीएनएस के तहत

मर्ग जांच में आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा के विरुद्ध अपराध घटित करना पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध थाना कापू में अपराध क्रमांक 88/2026 धारा 103 (1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार था तथा उसके तमिलनाडु में होने की जानकारी पुलिस को मिल रही थी। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले के फरार आरोपियों एवं फरार वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत थाना प्रभारियों को फरार आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की को सूचना मिली कि हत्या का फरार आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा अपने गांव गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा आया हुआ है।

सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना दिनांक को वह अपनी पत्नी ननकी बाई के साथ चावल खरीदने ग्राम घोघरा बाजार गया था। रास्ते में दोनों ने शराब का सेवन किया था। वापस घर आते समय गाड़ा घुटरा जंगल-पहाड़ी रास्ते के पास उसकी पत्नी नशे की हालत में रास्ते में सो गई। आरोपी के अनुसार घर चलने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्नी के साथ हाथ-मुक्का एवं वहीं से लकड़ी डंडा उठाकर मारपीट की तथा पास पड़े पत्थर से उसके सिर पर बार-बार वार कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। आरोपी ने बताया कि घटना के बाद गिरफ्तारी के भय से वह

तमिलनाडु फरार हो गया था तथा पुलिस से बचने के लिए मोबाइल फोन का उपयोग नहीं कर रहा था। आरोपी के पास आधार कार्ड भी नहीं है।

कापू पुलिस द्वारा आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया गया। आरोपी की निशानदेही पर अपराध में प्रयुक्त पत्थर एवं डंडा बरामद कर जप्त किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में में थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की, चौकी प्रभारी इगेश्वर यादव (तत्कालीन थाना प्रभारी कापू), प्रधान आरक्षक सोमेश गोस्वामी, लक्ष्मी कैवर, आरक्षक कन्हैया भगत, संजीव पटेल, अमरदीप एक्का, विभूति सिंह एवं दिलीप तिर्की की अहम भूमिका रही है।