जगदलपुर के नगरनार थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 24.545 किलोग्राम गांजे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर आए थे और उसे बैग व प्लास्टिक बोरी में भरकर फारेस्ट नाका धनपुंजी के पास सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे थे। जब्त गांजे की कीमत करीब 12 लाख 27 हजार 250 रुपये बताई गई है।
नगरनार थाना प्रभारी ने बताया कि 23 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति थैला, प्लास्टिक बोरी और बैग में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर फारेस्ट नाका धनपुंजी के पास बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम चुमन बघेल निवासी ग्राम तुरपुरा, पोड़ाईगुड़ा पारा, थाना भानपुरी और बेनूधर कश्यप निवासी ग्राम कुम्हली, थाना भानपुरी बताया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे में रखे थैला, प्लास्टिक बोरी और बैग की तलाशी ली। इस दौरान कुल 24.545 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 12,27,250 रुपये है। पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(ख)ii(ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।







