कार चढ़ाकर युवक की हत्या का आरोपी भरत मंगनानी कोर्ट में सरेंडर, पुलिस रिमांड पर भेजा…

Bharat Manganani, accused of killing a youth by running over him with a car, surrendered in court and was sent on police remand.

रायपुर, 19 अगस्त 2026। आमानाका थाना क्षेत्र में कार चढ़ाकर युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी भरत मंगनानी ने पुलिस की लगातार दबिश और कार्रवाई के दबाव के बीच न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार 14 अगस्त 2026 को परमजीत रणगण्ही की कार चढ़ाकर हत्या किए जाने की शिकायत आमानाका थाने में दर्ज कराई गई थी। बताया गया कि परमजीत की शादी शिखा साहू से तय होने की बातचीत चल रही थी। घटना वाले दिन शिखा साहू अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ सफेद रंग की फॉक्सवैगन कार से टाटीबंध पहुंची थी। गुरुद्वारा के पास शिखा और परमजीत की मुलाकात हुई, जहां भरत मंगनानी भी मौजूद था।

बातचीत के दौरान भरत मंगनानी और परमजीत के बीच विवाद हो गया। शिकायत के मुताबिक विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर परमजीत को जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार कार उसके ऊपर चढ़ा दी। हादसे में परमजीत गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद आरोपी भरत मंगनानी कार लेकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर आमानाका थाने में अपराध क्रमांक 264/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना के बाद पुलिस टीम आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से भी आरोपी की तलाश की जा रही थी। पुलिस की कार्रवाई के बढ़ते दबाव के बीच भरत मंगनानी ने 18 अगस्त 2026 को न्यायालय परिसर पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से घटना को लेकर विस्तृत पूछताछ कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।