सक्ती 18 अगस्त 2026 (इंडिया टुडे लाइव) महामाया मंदिर के पास स्थित साईं मंदिर में भगवान साईं का चांदी का मुकुट चोरी कर भाग रहे अंतरराज्यीय चोर को सक्ती पुलिस ने रंगे हाथों दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 251/2026, धारा 331(4) 305(ए) और 61(2)(बी) (आपराधिक साजिश) बी.एन.एस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोपियों के पास से करीब 95,000 रुपये कीमत का 500 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट बरामद किया गया है। पकड़ा गया मुख्य आरोपी मध्य प्रदेश का निगरानी हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ कई स्थाई वारंट लंबित हैं। पुलिस ने उसके स्थानीय मददगार साथी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी विजय बहादुर ने थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति साईं मंदिर से मुकुट चोरी कर भागने की कोशिश कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देश और एएसपी पंकज पटेल व एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में तत्काल टीम ने घेराबंदी कर आरोपी सतीश दुबे उम्र 37 निवासी नरसिंहपुर, म.प्र.) को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी सतीश ने अपने साथी ननकी राम चौहान (44 वर्ष, निवासी रायगढ़, छ.ग.) के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपियों के कब्जे से आधा किलो चांदी का मुकुट जब्त किया। जांच में पता चला है कि आरोपी सतीश दुबे म.प्र. के पलोहा बड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर पहले से कई चोरी के मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।







