उल्लास से रोशन होगा कोरबा, युवाओं के साथ जन-जन लेगा साक्षरता का संकल्प

उल्लास से रोशन होगा कोरबा, युवाओं के साथ जन-जन लेगा साक्षरता का संकल्प

14–15 अगस्त को जिलेभर में होंगे साक्षरता के विविध आयोजन, नवसाक्षरों को आगे बढ़ाने का लिया जाएगा संकल्प

कोरबा, 8 अगस्त 2026। भारत सरकार के उल्लास–नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को वर्ष 2026-27 में शत-प्रतिशत साक्षर बनाने के लक्ष्य को लेकर कोरबा जिले में भी व्यापक जनभागीदारी के साथ विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान में बच्चों, युवाओं, स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में 14 अगस्त को गांवों एवं मोहल्लों में साक्षरता संबंधी नारा लेखन, साक्षरता रैली एवं मशाल रैली तथा शाम 7 बजे कैंडल मार्च आयोजित किया जाएगा। कैंडल मार्च में युवा-युवतियों, महिलाओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं सहित आमजन की भागीदारी रहेगी।

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम स्थलों पर हेल्प डेस्क, डिजिटल साक्षरता एवं सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। नवसाक्षर बुजुर्ग महिला-पुरुष, युवक-युवतियां, एनसीसी एवं एनएसएस के विद्यार्थी सामूहिक रूप से ध्वजारोहण एवं उल्लास शपथ में शामिल होंगे तथा नवसाक्षरों को महापरीक्षा अभियान में सफल कराने का संकल्प लिया जाएगा।

इस दौरान उल्लास महा-चौपाल में नवसाक्षर अपने पढ़ने-लिखने के अनुभव साझा करेंगे। दादी-नानी की कहानी, लोकगीत, कविता एवं स्थानीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। साथ ही ‘अंगूठे से कलम तक’ अभियान के अंतर्गत सम्मान एवं प्रशस्ति-पत्र वितरण, नुक्कड़ नाटक, रंगोली, विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, उल्लास घंटी, उल्लास दीवार, सुपर-30 का उद्घाटन एवं उल्लास ज्ञान रथ को रवाना किया जाएगा।

अभियान में युवाओं की भूमिका को विशेष महत्व दिया जा रहा है। युवा स्वयंसेवक डिजिटल माध्यमों, सोशल मीडिया तथा स्थानीय स्तर की गतिविधियों के जरिए लोगों को साक्षरता अभियान से जोड़ेंगे। विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों द्वारा नवसाक्षरों को पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित करने के साथ उन्हें आगामी उल्लास महापरीक्षा के लिए तैयार किया जाएगा।

कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले में उल्लास अभियान की गतिविधियों का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी श्री टी.पी. उपाध्याय एवं जिला परियोजना अधिकारी (साक्षरता) श्रीमती ज्योति शर्मा द्वारा अभियान की गतिविधियों का सतत समन्वय एवं निगरानी की जा रही है।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि साक्षरता केवल किसी एक विभाग का अभियान नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। सभी नागरिक 14 एवं 15 अगस्त के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी कर “हर व्यक्ति साक्षर–कोरबा साक्षर” के संकल्प को मजबूत करें और उल्लास अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करें।