जांजगीर में लिफ्ट मांगकर युवक की हत्या, लूट के इरादे से चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला, चंद घंटों में दो विधि से संघर्षरत बालक अभिरक्षा में

A young man was murdered in Janjgir after asking for a lift, and he was attacked with a knife with the intention of robbery. Within a few hours, two juveniles involved in the violence were taken into custody.

जांजगीर,03अगस्त 2026/जांजगीर-चांपा जिले में लिफ्ट मांगने के बहाने एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दो विधि से संघर्षरत बालकों ने युवक से लिफ्ट मांगी और सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद लूटपाट की नीयत से उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था। कचहरी चौक के पास दो विधि से संघर्षरत बालकों ने उससे लिफ्ट मांगी। युवक ने उन्हें अपनी बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद होंडा शोरूम के पास सुनसान स्थान पर पहुंचते ही दोनों ने लूटपाट की नीयत से युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी युवक का पर्स और मोबाइल लूटकर मौके से फरार हो गए।

हमले के बाद घायल युवक ने बचाओ-बचाओ की आवाज लगाई। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, नगर पुलिस अधीक्षक योगिताबाली खापर्डे, कोतवाली थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता तथा साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू की।

जांच के दौरान मिले चक्षुदर्शी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों विधि से संघर्षरत बालकों की पहचान कर उन्हें चंद घंटों के भीतर अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस अब उनसे विस्तृत पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में लूट और हत्या के पीछे की पूरी साजिश, घटना में प्रयुक्त हथियार तथा अन्य संभावित तथ्यों की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में लूटपाट की नीयत से वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है।

इस पूरे मामले के खुलासे में कोतवाली थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता की टीम तथा साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से गंभीर वारदात का खुलासा कुछ ही घंटों में हो गया।