दो अलग-अलग गंभीर प्रकरणों में थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Major action by Civil Lines Rampur Police Station in two separate serious cases

दो मामलों में वांछित आरोपी आशु चुटैल उर्फ घोड़ा गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद।

थार वाहन आगजनी प्रकरण में अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार।

आरोपी को गुंडा-बदमाश सूची में शामिल करने एवं जिला बदर की कार्रवाई प्रक्रियाधीन

कोरबा/सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत जिला पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने दो अलग-अलग गंभीर प्रकरणों में वांछित आरोपी आशु चुटैल उर्फ घोड़ा को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है। वहीं दूसरे प्रकरण में संलिप्त विधि से संघर्षरत एक बालक को भी विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए अभिरक्षा में लिया गया है।

गुटखा दुकान के सामने हुए विवाद में युवक पर किया था जानलेवा हमला

थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 526/2026 में विवेचना के दौरान ज्ञात हुआ कि दिनांक 07 जून 2026 की रात्रि लगभग 11:30 बजे बुधवारी स्थित गुटखा दुकान के सामने पुरानी रंजिश एवं आपसी विवाद को लेकर आरोपीगणों ने प्रार्थी का रास्ता रोक लिया। इसके बाद गाली-गलौज एवं मारपीट करते हुए शराब पीने के लिए पैसों की मांग की गई। विरोध करने पर आरोपी आशु चुटैल उर्फ घोड़ा ने हत्या करने की नीयत से प्रार्थी के पेट में चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया तथा घटना के बाद फरार हो गया।
लगातार पतासाजी, तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त स्टील का चाकू बरामद कर विधिवत जप्त किया गया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

थार वाहन आगजनी प्रकरण में अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार

थाना सिविल लाइन रामपुर के अपराध क्रमांक 524/2026 में थार वाहन में आगजनी किए जाने के मामले में पुलिस द्वारा पूर्व में ही एक आरोपी दिव्य साहू को गिरफ्तार किया जा चुका था। प्रकरण की विवेचना के दौरान फरार आरोपी आशु चुटैल उर्फ घोड़ा को गिरफ्तार किया गया। साथ ही घटना में शामिल विधि से संघर्षरत एक बालक को भी विधिसम्मत कार्रवाई के तहत अभिरक्षा में लिया गया।
इस कार्रवाई के साथ ही थार वाहन आगजनी प्रकरण में अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। शेष आरोपियों की तलाश एवं गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं।

आरोपी के विरुद्ध होगी सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई


गिरफ्तार आरोपी आशु चुटैल उर्फ घोड़ा के विरुद्ध हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट, चोरी एवं अन्य गंभीर अपराधों के अनेक प्रकरण पूर्व से पंजीबद्ध हैं। आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसे गुंडा-बदमाश सूची में शामिल करने की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। साथ ही आरोपी के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई हेतु जिला दण्डाधिकारी, कोरबा को प्रस्ताव प्रेषित किया गया है।

अपराधियों के विरुद्ध लगातार जारी रहेगी कार्रवाई


थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस द्वारा त्वरित विवेचना, तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र एवं लगातार दबिश देकर दोनों गंभीर प्रकरणों में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है। जिला कोरबा पुलिस अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है तथा ऐसे असामाजिक तत्वों पर आगे भी सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।