इंडियन ओवरसीज बैंक बेमेतरा में 14.56 करोड़ का घोटाला, मुख्य आरोपी तमिलनाडु से गिरफ्तार

₹14.56 crore scam in Indian Overseas Bank, Bemetara; main accused arrested from Tamil Nadu

पूर्व बैंक मैनेजर विनीत दास पर जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र का आरोप, पुलिस ने तंजावुर से पकड़ा

बेमेतरा, 31 जुलाई 2026। इंडियन ओवरसीज बैंक बेमेतरा शाखा में हुए 14 करोड़ 56 लाख 9 हजार 693 रुपये के घोटाले मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी तत्कालीन बैंक मैनेजर विनीत दास को तमिलनाडु के तंजावुर से गिरफ्तार किया है। वर्ष 2022 में बैंक शाखा प्रबंधक रज्जू पाटनवार की शिकायत पर मामले में अपराध दर्ज किया गया था। आरोप है कि विनीत दास ने बैंक नियमों का उल्लंघन करते हुए अन्य आरोपियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों, अनियमित ऋण स्वीकृति और अवैध धन हस्तांतरण के जरिए बैंक को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया।

जांच में बैंक की आंतरिक रिपोर्ट के आधार पर कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसमें फर्जी जीएसटी नंबर, बिना सत्यापन ऋण स्वीकृति, खातों से अनधिकृत राशि हस्तांतरण और बैंकिंग प्रक्रिया का उल्लंघन शामिल है।

इस मामले में पुलिस पहले ही चार आरोपियों कमलेश सिन्हा, जोहन सिन्हा, नागेश वर्मा और टीकाराम माथुर को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं फरार मुख्य आरोपी विनीत दास को दुर्ग रेंज आईजी अभिषेक शांडिल्य और एसपी त्रिलोक बंसल के निर्देशन में गठित टीम ने तंजावुर से गिरफ्तार किया।

आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बेमेतरा लाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।