कोरबा 25 जुलाई 2026/मारवाड़ी युवा मंच, दर्री-जमनीपाली शाखा द्वारा शिक्षा साथी अभियान के अंतर्गत सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, प्रगति नगर में विद्यार्थियों के बीच 300 कॉपियों का वितरण किया गया। इसी अवसर पर पर्यावरण माह के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विजेता प्रतिभागियों को मंच की ओर से सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय संयोजक मनीष अग्रवाल ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपनी माता के नाम एक-एक पौधा अवश्य लगाएं तथा पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का संकल्प बनाएं। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर अध्ययन करने, अच्छे संस्कार अपनाने और अपने परिवार, विद्यालय तथा समाज का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
मंच के सचिव श्री आशीष अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन से ही जीवन में ऊँचाइयों को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि श्रेष्ठ संस्कारों की पाठशाला है, जहाँ से निकलने वाले विद्यार्थी समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विद्यालय के प्राचार्य लक्ष्मी नारायण जायसवाल ने मारवाड़ी युवा मंच द्वारा शिक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे सेवा कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की तथा मंच का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान मंच द्वारा विद्यालय के प्राचार्य श्री लक्ष्मी नारायण जायसवाल एवं मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एल्डरमैन श्री मनोज अग्रवाल का शाल ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सुमित अग्रवाल, शाखा अध्यक्ष आशीष अग्रवाल, प्रांतीय संयोजक विकास अग्रवाल, प्रांतीय चेयरमैन अंजय अग्रवाल, शाखा कोषाध्यक्ष अमित अग्रवाल, विद्यालय के आचार्य दुर्गा प्रसाद नामदेव, अशोक चंद्रवंशी सहित विद्यालय परिवार के समस्त आचार्य-आचार्याएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का प्रभावशाली एवं गरिमामय संचालन अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय संयोजक एवं छत्तीसगढ़ प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने किया, जिन्होंने अपने ओजस्वी एवं प्रेरणादायी उद्बोधन से उपस्थित विद्यार्थियों एवं अतिथियों में शिक्षा, सेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई चेतना का संचार किया।
कार्यक्रम ने शिक्षा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को प्रभावी ढंग से समाज तक पहुँचाने का कार्य किया तथा विद्यार्थियों में सेवा, प्रकृति प्रेम और उत्कृष्ट शिक्षा के प्रति नई प्रेरणा का संचार किया।







