केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका के साथ बैठक की। बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच हुई इस बैठक में दोनों पक्षों के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। यह बैठक विठ्ठल पटेल हाउस में हुई।
सीजेपी की ओर से सौरव दास और आशुतोष रांका ने सरकार के साथ बातचीत के लिए सहमति जताई। बताया जा रहा है कि सरकार ने उनकी दो सशर्त मांगें स्वीकार कर ली हैं। इनमें शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई ना करने और हालिया परीक्षा अनियमितताओं से प्रभावित छात्रों के परिवारों को पर्याप्त मुआवजा देने का आश्वासन शामिल है। हालांकि, सीजेपी अपनी मुख्य मांग पर अब भी कायम है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि उसकी प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है और इस पर उसका रुख नहीं बदला है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सरकार ने कल तक का मांगा समय
सरकार से बैठक के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा, ”धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की हमारी मांग पर सरकार ने कल दोपहर तक का समय मांगा है। हमें उम्मीद है कि सरकार जल्द ही उन्हें पद से हटा देगी। सरकार ने हमारी दो अन्य मांगों पर सिद्धांततः सहमति जताई है। इनमें NEET अभ्यर्थियों की आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को मुआवजा देने और छात्रों के खिलाफ दर्ज एफआईआर व अन्य कानूनी मामलों को वापस लेने की मांग शामिल है।”
सीजेपी ने उठाए क्या-क्या मुद्दे
CJP प्रवक्ता सौरव दास ने कहा, ”हमने सरकार के सामने एक और अहम मुद्दा उठाया कि दिल्ली पुलिस बीती रात से लेकर पूरे दिन और आज भी बड़ी संख्या में युवा लड़के-लड़कियों को हिरासत में ले रही है। हिरासत में लिए जा रहे लोगों में जंतर-मंतर से घर लौट रहे लोग, प्रदर्शन स्थल की ओर जा रहे लोग और यहां तक कि प्रदर्शनकारियों के लिए खाना पहुंचाने वाले लोग भी शामिल हैं। पुलिस चुन-चुनकर युवाओं को हिरासत में ले रही है और वकीलों के साथ भी धक्का-मुक्की और बदसलूकी की जा रही है। हमने सरकार से कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए, क्योंकि इससे सरकार और युवाओं के बीच भरोसे की कमी और बढ़ेगी
सौरव दास ने आगे कहा, ”सरकार की शुरुआती प्रतिक्रिया यह थी कि ऐसी कोई घटना नहीं हो रही है। हालांकि, सरकार ने आश्वासन दिया कि अगर इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, तो उन्हें जारी नहीं रहने दिया जाएगा और दिल्ली पुलिस को इस संबंध में उचित निर्देश दिए जाएंगे।”
जेपी नड्डा का बयान
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं से बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, ”बैठक करीब दो घंटे तक चली। उन्होंने हमारे सामने तीन प्रमुख मांगें और परीक्षा प्रणाली में सुधार से जुड़े पांच सुझाव रखे। हमने उन्हें बताया है कि हम कल दोपहर फिर उनसे मुलाकात करेंगे और सरकार के भीतर हुई चर्चा की जानकारी देंगे।”








