अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी: मृतक का दोस्त ही निकला हत्यारा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Blind murder mystery solved: The deceased's friend turned out to be the killer, arrested by the police.

कवर्धा, 23 जुलाई 2026 पुलिस ने बोड़ला थाना क्षेत्र में हुए एक अंधे हत्याकांड का महज सात दिनों के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि जिस युवक की बेरहमी से हत्या की गई थी, उसका कातिल कोई और नहीं बल्कि उसका करीबी दोस्त ही निकला। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दुर्ग के जामुल निवासी उदय प्रताप सिंह राजपूत (उम्र 34 साल) रूप में हुई थी। उसका शव बोड़ला थाना क्षेत्र के ग्राम बंजारी स्थित एक ढाबा के पास संदिग्ध अवस्था में मिला था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पता चला कि घटना वाले दिन मृतक अपने दोस्त हीरासिंह उर्फ बउवा केंवट के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर आरोपी ने पास में पड़े पत्थर से उदय प्रताप सिंह के सिर और सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मृतक की मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।

40 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस मामले की जांच के दौरान कबीरधाम पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। लगातार की गई पड़ताल और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सना पत्थर, घटना के समय पहने गए खून लगे कपड़े तथा मृतक की मोटरसाइकिल बरामद कर ली। आरोपी न्यायिक हिरासत में गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच की मदद से इस अंधे हत्याकांड का त्वरित खुलासा संभव हो सका। दोस्ती के रिश्ते का यह दर्दनाक अंत इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली।