मदनपुर टोल प्लाजा हटाने की उठी मांग, नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने NHAI को भेजा पत्र

Demand for removal of Madanpur toll plaza raised, Municipal Council President Raj Jaiswal sent a letter to NHAI

60 किमी के नियम का हवाला, स्थानीय नागरिकों को टोल शुल्क से तत्काल राहत देने की मांग

कटघोरा, 7 जुलाई। नगर पालिका परिषद कटघोरा के अध्यक्ष राज जायसवाल ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना निदेशक, बिलासपुर को पत्र प्रेषित कर ग्राम मदनपुर स्थित टोल प्लाजा को निर्धारित मानकों के अनुरूप अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में टोल प्लाजा की स्थिति के कारण कटघोरा, छुरी, एनटीपीसी तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों नागरिकों को प्रतिदिन अनावश्यक टोल शुल्क चुकाना पड़ रहा है, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

अपने पत्र में अध्यक्ष जायसवाल ने उल्लेख किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुसार दो टोल प्लाजाओं के बीच न्यूनतम 60 किलोमीटर की दूरी निर्धारित है, जबकि मदनपुर एवं बरद्वार टोल प्लाजा के बीच की दूरी लगभग 29 किलोमीटर ही है। उन्होंने इसे निर्धारित मानकों के विपरीत बताते हुए तत्काल समीक्षा की मांग की है।

राज जायसवाल ने कहा कि टोल प्लाजा के कारण स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों एवं प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों को आर्थिक एवं व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जनहित को सर्वोपरि बताते हुए उन्होंने NHAI से मदनपुर टोल प्लाजा को शीघ्र अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।

उन्होंने यह भी मांग की है कि जब तक टोल प्लाजा को स्थानांतरित नहीं किया जाता, तब तक कोरबा जिले के स्थानीय नागरिकों द्वारा कटघोरा से रंजकम्मा, पाली एवं चेतमा की ओर आने-जाने वाले वाहनों से टोल शुल्क नहीं लिया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को तत्काल राहत मिल सके।

इस संबंध में भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर कोरबा एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कटघोरा को भी आवश्यक कार्यवाही एवं जानकारी हेतु प्रेषित की गई है। नगर पालिका अध्यक्ष ने उम्मीद जताई है कि NHAI जनहित को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान करेगा।