सूरजपुर 5 जुलाई 2026। सूरजपुर जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना,रामानुजनगर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ उसके पति के सामने सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 27 जून की शाम की है। पीड़िता अपने पति के साथ साप्ताहिक बाजार से वापस लौटते समय पति ने चावल से बनी स्थानीय शराब पीली, जिससे वह नशे में हो गया।
रात करीब साढ़े आठ बजे रास्ते में चार युवकों ने दंपती को रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने पहले महिला के पति को काबू कर बंधक बना लिया और फिर महिला को जबरन पास के खेत में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने दंपती को किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। महिला किसी तरह अपने पति के साथ घर पहुंची, लेकिन भय और सदमे के कारण तुरंत शिकायत नहीं कर सकी।
घटना के दो दिन बाद परिजनों और ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली। उनके समझाने पर पीड़िता ने रामानुजनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी ऋतु यादव (30) सहित रामजी (25), कपिल और रामेश्वर को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।







